फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के नरमऊ गांव में सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 24 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने सास और ससुर पर जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, नरमऊ गांव निवासी ओमप्रकाश की पत्नी रेखा देवी ने सोमवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पिता संतराम निवासी शिवपुरी, थाना जाफरगंज ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी सात वर्ष पहले रामजीवन के बेटे ओमप्रकाश के साथ की थी। करीब दस दिन पहले उनका दामाद सूरत कमाने के लिए चला गया था। घर पर रेखा की सास और ससुर रहते थे। आरोप है कि वे आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज करते थे।
पिता का आरोप है कि सोमवार शाम उनकी बेटी को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सास और ससुर घर में ताला लगाकर फरार हो गए।

News Wani