Breaking News

28 करोड़ की नौबस्ता सड़क पर निर्माण की सुस्त रफ्तार, धूल के गुबार से राहगीरों का सफर मुश्किल

खागा, फतेहपुर। करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से 11 किलोमीटर लंबी बनने वाली नौबस्ता रोड अब राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति ने जिम्मेदार अधिकारियों और विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि पिछले डेढ़ महीने से डामरीकरण करने के बजाय सड़क पर पानी का छिड़काव कर काम चलाया जा रहा है।

सड़क पर उड़ते धूल के गुबार से राहगीर, स्कूली बच्चे और आसपास रहने वाले परिवार परेशान हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को धूल के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इससे लोगों को सांस संबंधी बीमारियों और एलर्जी का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस समस्या की ओर ध्यान नहीं जा रहा है।

लाखों लीटर पानी खर्च करने के बाद भी लोगों को सड़क की धूल से राहत नहीं मिल पा रही है। अनियमित तरीके से पानी का छिड़काव किए जाने के कारण लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।

हैरानी की बात यह है कि कई महीने पहले स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई थी, लेकिन कुछ घंटों के प्रदर्शन के बाद मामला फिर ठंडे बस्ते में चला गया।

अब सवाल यह उठता है कि करोड़ों रुपये की इस परियोजना को पूरा करने में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या विभागीय अधिकारी खुद इस धूल भरी सड़क से रोजाना गुजरने को तैयार हैं? यदि अधिकारी पैदल, साइकिल या ई-रिक्शा से इस मार्ग पर सफर करें तो उन्हें आम जनता की परेशानी का अंदाजा खुद लग जाएगा।

इस संबंध में एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को लगातार पत्राचार किया जा रहा है। ठेकेदार को भी जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

About NW-Editor

Check Also

पहाड़पुर में किसान मोर्चा की चौपाल, ग्रामीणों ने उठाईं विकास और किसानों से जुड़ी समस्याएं

खागा, फतेहपुर। विकासखंड विजयीपुर की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी किसान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *