Breaking News

नेपाल बाढ़ में बहा बैंक का लॉकर, कैश लूटने के आरोप में 29 लोग हिरासत में; पुलिस ने बरामद किए 57 लाख रुपये

धादिंग। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच एक बैंक का लॉकर बहकर कई किलोमीटर दूर पहुंच गया। धादिंग के बेलखुखोला के पास मिले इस लॉकर को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 92.68 लाख नेपाली रुपये बरामद किए हैं, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 57 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में भोटेकोशी इलाके से बैंक का लॉकर बह गया था। बाद में यह धादिंग के बेलखुखोला क्षेत्र के पास मिला। स्थानीय लोगों द्वारा लॉकर तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और उनके पास से बड़ी मात्रा में नेपाली करेंसी बरामद की। हिरासत में लिए गए अधिकांश लोग गलछी-4 के मस्तार इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके अलावा गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतार के कुछ लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों की उम्र 19 से 49 वर्ष के बीच है। कुछ लोग चितवन और परसा के मूल निवासी हैं और वर्तमान में धादिंग में रह रहे हैं। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत और लॉकर से नकदी निकालने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

बाढ़ के बाद चोरी की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान के बीच चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। पुलिस बाढ़ प्रभावित इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और बरामद सामान व नकदी को लेकर जांच कर रही है।

ग्लेशियर धंसने के बाद आई विनाशकारी बाढ़

26 अगस्त को नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी के ऊपरी क्षेत्र में ग्लेशियर धंसने और बड़ी मात्रा में चट्टान व मलबा नदी में गिरने के बाद अचानक बाढ़ आ गई थी। तेज बहाव के साथ पानी और मलबा भोटेकोशी नदी से होते हुए त्रिशूली नदी तक पहुंचा।

इससे रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन समेत आसपास के कई इलाकों में भारी तबाही हुई। बाढ़ में घर, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत, खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है।

About NW-Editor

Check Also

नेपाल में बाढ़-भूस्खलन के बाद दो झीलों से बढ़ा खतरा: एक से पानी का रिसाव जारी; 2500 लोग लापता; 320 थे भारतीय

काठमांडू। नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद हालात अब भी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *