Breaking News

“नागौर में खेलते-खेलते 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत”

राजस्थान के नागौर जिले के गोटन कस्बे में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में एक 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें छात्रा खेलते-खेलते अचानक लड़खड़ाकर गिरती दिखाई दे रही है. इस घटना से परिवार सदमे में है. क्योंकि लगभग पांच महीने पहले बच्ची के बड़े भाई की भी इसी तरह अचानक मौत हो गई थी. नागौर जिले के गोटन कस्बे स्थित गोटन इंटरनेशनल स्कूल में 23 फरवरी की सुबह करीब 7:48 बजे यह घटना हुई. तालनपुर गांव निवासी राजेंद्र बापेडिया की 9 वर्षीय बेटी दिव्या स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी. वह रोजाना की तरह उस दिन भी समय पर स्कूल पहुंची थी. प्रार्थना सभा शुरू होने में अभी कुछ समय बाकी था, इसलिए कई बच्चे स्कूल परिसर के मैदान में खेल रहे थे. दिव्या भी अपने साथियों के साथ खेलकूद में बिजी थी.

हार्ट अटैक से छात्रा की मौत

इसी दौरान अचानक दिव्या लड़खड़ाई और जमीन पर गिर पड़ी. शुरुआत में साथ खेल रहे बच्चों को लगा कि वह सामान्य रूप से गिर गई है, लेकिन जब वह उठी नहीं तो स्कूल स्टाफ को सूचना दी गई. बच्ची की हालत देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई. स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने तुरंत उसे संभाला और बिना समय गंवाए गोटन के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

5 महीने पहले बड़े भाई की भी ऐसे ही हुई थी मौत

स्कूल के डायरेक्टर रामकुंवार ओला के अनुसार, दिव्या पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रही थी और उसे पहले किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी. चिकित्सकों ने भी शुरुआती जांच में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए. डॉक्टरों का कहना है कि संभवतः बच्ची की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई. हालांकि मृत्यु का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम से ही स्पष्ट हो सकता था, लेकिन परिजनों ने शव की जांच कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद शव परिवार को सौंप दिया गया.  इस घटना ने एक और दुखद तथ्य सामने लाया.

दिव्या के परिजन ने बताया कि उसकी बड़े भाई अभिषेक की भी लगभग पांच महीने पहले 9 सितंबर 2025 को इसी तरह अचानक मौत हो गई थी. वह घर पर खेल रहा था, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. उसे भी तत्काल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था. एक ही परिवार में दो बच्चों की इस प्रकार अचानक हुई मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे इलाके में चिंता का विषय बन गया है.

About NW-Editor

Check Also

शादी समारोह से लाई गई संदिग्ध बोतल पीने के बाद 3 महिलाओं समेत 4 की मौत

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर है, जहां एक छोटी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *