लखनऊ:लखनऊ में हुई ठेकेदार उमा शंकर सिंह की हत्या की मास्टरमाइंड उसकी महिला मित्र वैशाली है। पुलिस उससे, उसके प्रेमी, उसकी मां और अन्य कई परिचितों को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है। पुलिस को महिला मित्र के खिलाफ अहम सबूत मिले हैं। पता चला है कि महिला मित्र के भाई ने मुर्गी पालन में पार्टनरशिप के लिए उमा शंकर से 10 लाख रुपए लिए थे। अब उमा शंकर उससे पैसे मांग रहे थे।इसको लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। वहीं, मृतक की पत्नी ममता ने आरोप लगाया है कि वैशाली के प्रेमी ने एक सप्ताह पहले पति को फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी। ममता की तहरीर पर वैशाली, उसके पिता दिनेश, मां सुमित्रा, भाई अनुराग, अविनाश और प्रेमी संदीप पांडेय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।सुलतानपुर के भरखरे निवासी 46 वर्षीय ठेकेदार उमा शंकर सिंह गुडंबा थाना क्षेत्र के अर्जुन एन्क्लेव में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उसकी महिला मित्र वैशाली उनके कमरे पर पहुंची। कमरे में बाहर से ताला बंद था। उसने अपने पास रखी दूसरी चाबी से दरवाजा खोला। अंदर बेड पर उमा शंकर का खून से लथपथ शव पड़ा था। वैशाली ने इसकी सूचना मकान मालिक मोहम्मद मुस्तकीम खान को दी थी। मुस्तकीम ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी।
पत्नी बोली- वैशाली ने प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला: ठेकेदार की पत्नी ममता का कहना है कि वैशाली ने पैसों के लिए पति से दोस्ती की। उसके बाद अपने प्रेमी और घरवालों की मदद से पति को मार डाला। घटना के पहले से लेकर बाद तक वह ही उनके पास थी। खुद को बचने के लिए सुबह अचानक कमरे पर पहुंचने का नाटक रचा है। उसके प्रेमी ने भी एक सप्ताह पहले पति को जान से मारने की धमकी दी थी।वहीं, वैशाली ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि सोमवार को वो उमा शंकर से मिली थी। रात को उमा शंकर अपनी ही गाड़ी से उसे घर छोड़ने गए थे। वो अक्सर उनसे मिलने उनके घर आती थी। उनके घर की देखभाल करती थी। इसके चलते घर की एक चाबी उसके पास रहती थी।
दो महीने से किराए पर रह रहे थे: मकान मालिक मोहम्मद मुस्तकीम खान ने बताया -कि फरवरी में वह अपने बेटे के पास बेंगलुरु गए थे। इसी बीच करीब 2 महीने पहले कॉलोनी के गार्ड ने फोन करके उमा शंकर को किराए पर कमरा देने को कहा था। उसने बताया था कि उमा शंकर भले आदमी हैं। परिवार के साथ रहेंगे। उसके कहने पर उन्होंने उमा शंकर को किराए पर मकान दे दिया था। करीब 2 महीने से वह उनके यहां किराए पर अकेले रहते थे। वह 10-15 दिन में एक बार ही आते थे।
4 दिन पहले बेटे का बर्थडे बताकर गए थे : मोहम्मद मुस्तकीम ने बताया -कि उमा शंकर का परिवार सुलतानपुर जिले के भरखरे में रहता है। 4 दिन पहले उमा शंकर कमरे पर आए थे। इसके बाद वह बेटे का बर्थडे होने की बात कहकर सुल्तानपुर चले गए थे। भाई जय शंकर ने बताया कि उमा शकर की दो शादी हुई थी। पहली पत्नी रेणु सिंह गांव पर रह रहती है। दूसरी पत्नी ममता सुलतानपुर में रहती है। रेणु सिंह से दो बेटियां सिम्मी और शुभी हैं। ममता से एक बेटा आयुष है।
चार साल से वैशाली से थे संबंध: पुलिस के मुताबिक, उमा शंकर का विकासनगर निवासी वैशाली से एक दोस्त के माध्यम से परिचय हुआ था। जिसके बाद दोनों करीब आ गए। वो जब से किराए पर मकान लेकर रह रहे थे, तभी से वैशाली का उनके कमरे पर आना-जाना था। पुलिस घटना को लेकर मकान मालिक से पूछताछ की है।