फतेहपुर शहर में कांग्रेस ने रविवार को वृहद संगठन सृजन अभियान और एसआईआर (SIR) मुद्दे पर जन-जागरण की रणनीति तैयार की। यह बैठक शांति नगर स्थित रोडवेज वर्कशॉप के सामने एक लॉन में आयोजित की गई। इसमें जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमलता पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान के तहत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के लिए सूची बनाई गई। योजना के अनुसार, कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर कांग्रेस की नीतियों और एसआईआर के संभावित दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित पुख्ता जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों की सही जानकारी देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि इस बैठक में संगठन सृजन अभियान को गति दी गई है, जिसका उद्देश्य बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश कर रही है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।
द्विवेदी ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जीवित लोगों को भी मृत घोषित कर 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे। महिला जिलाध्यक्ष हेमलता पटेल ने बताया कि एसआईआर से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटे। शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में जन-जन को न्याय दिलाने के लिए तत्पर है।
बैठक में राजीव लोचन निषाद, कलीम उल्ला सिद्दीकी, बहुआ ब्लॉक अध्यक्ष शबनम शेख, हम्माद हुसैन, मोहित कुमार वर्मा, देवी प्रकाश दुबे, एजाज अहमद, शहीद खान, अकरम खान और आशीष गौण सहित कई अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
News Wani
