– व्यापारियों को तीन दिन की मोहलत, नहीं तो बुधवार से होगी सख्त कार्रवाई
सिधौली, सीतापुर। कस्बे के तहसील रोड पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन अब सख्त हो गया है। रविवार को कोतवाली परिसर में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राखी वर्मा की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे तीन दिन के भीतर स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लें। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो बुधवार से अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात और आमजन की परेशानी दूर करने पर जोर अधिकारियों ने बताया कि कस्बे में अनियंत्रित अतिक्रमण के कारण यातायात और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने साफ किया कि नगर पंचायत की नाली के बाहर सामान रखने, ठेले-खोमचे लगाने या सड़क पर वाहन खड़ा कर अतिक्रमण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने सभी व्यापारियों से सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करने की अपील की है। व्यापारियों ने दिया सहयोग का आश्वासन प्रशासन की सख्त अपील पर व्यापारियों ने सहयोग का आश्वासन दिया है और स्वयं अतिक्रमण हटाने पर सहमति व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने अतिक्रमण हटा लेंगे। बैठक में चेयरमैन गंगाराम राजपूत, क्षेत्राधिकारी कपूर कुमार, अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव, कोतवाली प्रभारी जयेन्द्र सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय प्रताप सिंह, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश नारायण रस्तोगी, आचार्य मनीष पांडे, पुष्कर गुप्ता, आदि लोग उपस्थित रहे।

News Wani