Breaking News

परीक्षा के बाद छात्र की बिगड़ी हालत, कानपुर ले जाते समय तोड़ा दम; विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र बीते बुधवार को सौंरा के पास पुलिया के नीचे अचेत अवस्था में मिला था। उसकी साइकिल पास में ही पड़ी थी। मलवां पुलिस ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, कानपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर परीक्षा के दौरान कथित नकल के आरोप के बाद छात्र को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मुरांव गांव निवासी 17 वर्षीय मृतक छात्र तेजस उर्फ यशु द्विवेदी के परिजनों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान तेजस के पास से कथित तौर पर नकल की पर्ची मिलने की बात कहकर विद्यालय प्रशासन ने उसे फटकार लगाई। आरोप है कि छात्र को विद्यालय से निष्कासित करने की धमकी दी गई, उसके साथ मारपीट की गई और 1500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इस घटनाक्रम के बाद तेजस काफी तनाव में था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और अभी स्वतंत्र रूप से इनकी पुष्टि नहीं हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के मुताबिक, 26 अगस्त को थाना मलवां पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सौंरा के पास पुलिया के नीचे एक छात्र अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। छात्र के पास मिले परिचय पत्र से उसकी पहचान तेजस द्विवेदी, कक्षा 12 के छात्र के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि घटना वाले दिन विद्यालय में परीक्षा के दौरान छात्र को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए विद्यालय प्रशासन द्वारा पकड़ा गया था। साथ ही पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि छात्र पहले से अस्वस्थ रहता था। ऐसे में छात्र की मौत के वास्तविक कारण को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।

पुलिस विद्यालय प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस एवं जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) की संयुक्त टीम द्वारा घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने तथा संयुक्त जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: कच्ची दीवार के मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत, नातिन घायल

मलवां, फतेहपुर। थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में रविवार दोपहर कच्ची दीवार अचानक गिरने से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *