Breaking News

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, चित्रकूट में बाढ़ से हालात गंभीर; रेस्क्यू अभियान जारी

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 26 फीट ऊपर पहुंच गया है। नदी के उफान के कारण घाट किनारे स्थित करीब 400 दुकानें पानी में डूब गई हैं। कई लोग घरों और होटलों में फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद भी ली जा रही है।

वहीं बिहार में गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पटना के दीघा घाट पर पानी का स्तर काफी बढ़ गया है, जबकि बगहा के डुमरिया घाट पर गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।

छत्तीसगढ़ में भी अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About NW-Editor

Check Also

48 शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, यूपी के तीन शिक्षकों का भी चयन

नई दिल्ली। देशभर के 48 शिक्षकों को आज राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *