Breaking News

दिल्ली में नाबालिग से चलती बस में गैंगरेप का आरोप, फोरेंसिक जांच में मिले पीड़िता और आरोपियों के फिंगरप्रिंट

नई दिल्ली। दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। फोरेंसिक जांच के दौरान पुलिस को बस से पीड़िता और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच टीम ने बस की सीटों, स्टीयरिंग व्हील और अन्य स्थानों से भी फोरेंसिक नमूने जुटाए हैं।

पुलिस ने मामले में गिरफ्तार ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के कपड़े भी जब्त किए हैं। अब पुलिस को DNA रिपोर्ट का इंतजार है। फोरेंसिक और DNA जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है।

परी चौक से बस में सवार हुई थी छात्रा

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा 4 अगस्त की रात परिवार में विवाद के बाद बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। बारिश और अंधेरे के बीच वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंची और नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार करने लगी।

इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 की ओर जा रही है।

बस के अंदर दुष्कर्म का आरोप

शिकायत के अनुसार, बस कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने चलती बस में छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे होने के कारण अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं दे रही थीं। करीब 47 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद दोनों आरोपियों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बस की पहचान और उसके रूट का पता लगाने के लिए रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने बस को ट्रैक किया और ड्राइवर कुलदीप तथा कंडक्टर संदीप को तिमारपुर स्थित बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया है। बस का नंबर UP-83 बताया जा रहा है और उसका पंजीकरण उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में है।

मरम्मत के बाद खाली बस लेकर दिल्ली जा रहे थे

जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी। इसके बाद दोनों आरोपी बस को नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए ले गए थे। मरम्मत के बाद वे खाली बस को तिमारपुर की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया था।

NHRC ने लिया स्वत: संज्ञान

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने दिल्ली और गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नरों तथा मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों से मामले में दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

पुलिस अब फिंगरप्रिंट, DNA और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की कड़ियां जोड़ रही है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपों की पुष्टि से जुड़ी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका; श्रेयस अय्यर संभालेंगे कप्तानी

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *