Breaking News

यूपी के साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत, वेतन में 7 हजार रुपये तक बढ़ोतरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में 7 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके साथ ही कर्मचारियों को बीमा और चिकित्सा संबंधी सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकोस) की वेबसाइट और लोगो का शुभारंभ किया। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों को चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

कर्मचारियों को मिलेगा बीमा और चिकित्सा सहायता का लाभ

नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जाएगा। इसके अलावा आकस्मिक दवा के लिए 5 लाख रुपये और एयर एंबुलेंस की सुविधा के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

ऑनलाइन होगा कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों का एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। अभी कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी अलग-अलग विभागों और आउटसोर्स एजेंसियों के पास उपलब्ध रहती है।

नई व्यवस्था में कर्मचारियों की भर्ती से लेकर उनकी तैनाती, उपस्थिति और भुगतान तक की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इससे सरकार को यह पता लगाने में आसानी होगी कि किस विभाग में कितने आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं और उन्हें कितना भुगतान किया जा रहा है।

भर्ती और भुगतान प्रक्रिया में बढ़ेगी पारदर्शिता

पोर्टल के माध्यम से कर्मचारियों की सेवा से संबंधित रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा। इससे तैनाती और भुगतान की निगरानी आसान होगी तथा अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से होने वाली प्रक्रिया में गड़बड़ी की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।

सरकार की इस पहल से आउटसोर्स कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड को एक जगह व्यवस्थित रखने के साथ-साथ उनके भुगतान और तैनाती की प्रक्रिया को भी अधिक पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई है।

About NW-Editor

Check Also

वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन, कार का शीशा तोड़ने वाले छह हिरासत में

  स्कूटी और वैगनआर की टक्कर के बाद हुआ था विवाद, एसीपी मोहनलालगंज ने लिया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *