फतेहपुर में शुक्रवार को सैकड़ों कोटेदारों ने प्रदर्शन किया। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के नेतृत्व में कोटेदारों ने जिला पूर्ति कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की। उन्होंने लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम आय गारंटी लागू करने की मांग की। जिसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष निर्मोही उमेश त्रिवेदी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को प्रति कुंतल मात्र 90 रुपए लाभांश मिलता है। यह राशि वर्तमान महंगाई में परिवार के भरण-पोषण के लिए अपर्याप्त है। उन्होंने अन्य राज्यों से तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा, गोवा, दिल्ली, केरल और गुजरात जैसे राज्यों में प्रति कुंतल 200 रुपए तक लाभांश या न्यूनतम आय गारंटी दी जा रही है।
निर्मोही उमेश त्रिवेदी ने यह भी बताया कि कोरोना महामारी के दौरान कोटेदारों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ईमानदारी से काम किया। उन्होंने सरकार द्वारा सौंपे गए अन्य दायित्वों को भी निष्ठापूर्वक निभाया। इसके बावजूद सरकार उनकी प्रमुख मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
निर्मोही उमेश त्रिवेदी ने चेतावनी दी कि यदि लाभांश वृद्धि और न्यूनतम आय गारंटी लागू नहीं की गई, तो कोटेदार 28 जनवरी 2026 से अनिश्चितकालीन धरना और विधानसभा घेराव करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के बाद, कोटेदारों ने सरकार को चेतावनी के तौर पर अपनी आवंटित ई-पास मशीनें जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में जमा कर दीं। इस कदम से आंदोलन और तेज हो गया है।
कोटेदारों की मुख्य मांगों में प्रति कुंतल लाभांश को अन्य राज्यों के समान बढ़ाना, न्यूनतम आय की गारंटी देना और परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।
News Wani
