Breaking News

फतेहपुर में शराब ठेके पर खूनी वारदात, सेल्समैन की हत्या कर नकदी लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर। बिंदकी क्षेत्र में बेखौफ हमलावरों ने शराब के ठेके पर सो रहे सेल्समैन की हत्या कर दी। रात के सन्नाटे में हुए इस खूनी हमले में सेल्समैन सतेंद्र सिंह के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। वारदात के बाद हमलावर ठेके की चाबी निकालकर नकदी लूट ले गए। घटनास्थल से तिरपाल में लिपटी खून से सनी पेड़ की एक डाली भी बरामद हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लूटी गई नकदी भी बरामद की गई है।

ठेके के पास चारपाई पर सो रहे थे सेल्समैन

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव में स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह रात करीब 12:15 बजे सो रहे थे। ठेके के पास ही एक कैंटीन है, जहां दोनों के बीच कुछ चारपाइयां बिछी हुई हैं। सतेंद्र सिंह इन्हीं चारपाइयों पर सो रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची और घायल सतेंद्र सिंह को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

खून से सनी पेड़ की डाली मिली

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ दूरी पर तिरपाल के अंदर खून से सनी पेड़ की एक डाली मिली है। पुलिस ने घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही शराब ठेके की बिक्री और नकदी का हिसाब भी खंगाला गया है।

एसपी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले दोपहर करीब दो बजे कलेक्शन करने आया एक व्यक्ति रुपये एकत्र कर ले गया था। इसके बाद दोपहर दो बजे से बिक्री का हिसाब देखने पर देशी शराब के 90 पाउच बिकने की जानकारी मिली। हिसाब-किताब की जांच में ठेके से करीब पांच से छह हजार रुपये कम पाए गए।

ठेके की चाबी निकालकर नकदी ले गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद हमलावर ठेके की चाबी निकालकर अंदर रखी कुछ नकदी भी ले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।

मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं, पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर मामले के मुख्य आरोपी को लूटी गई नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 73 पाउच के साथ युवक पकड़ा गया

  फतेहपुर। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *