Breaking News

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी बोट पलटी, 32 सवार; 18 को बचाया गया, 14 लापता

-फु क्वोक द्वीप के पास हादसा, भारतीय दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम; राहत एवं बचाव अभियान जारी

हनोई/फु क्वोक। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक बोट समुद्र में पलट गई। हादसे के समय नाव में कुल 32 भारतीय पर्यटक सवार बताए जा रहे थे। इनमें से 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 14 अन्य की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

दूतावास के अनुसार, यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हनोई तथा हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय मिशनों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जरूरतमंद लोग हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। नाव पर्यटकों को होन मे रुट न्गोआई द्वीप की सैर कराने जा रही थी। यह द्वीप अपने साफ समुद्र, खूबसूरत समुद्री तट और कोरल रीफ डाइविंग के लिए प्रसिद्ध है।

स्थानीय प्रशासन, तटरक्षक बल और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। भारतीय दूतावास ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नई जानकारी मिलने पर परिजनों को तत्काल सूचित किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

📰 हत्या से कुछ देर पहले हुई थी मुलाकात: हमास चीफ इस्माइल हानिया से मिले नितिन गडकरी, खुद किया खुलासा

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हमास चीफ इस्माइल हानिया से मुलाकात का खुलासा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *