Breaking News

फ्लाईदुबई संकट में कैप्टन स्मित मच्छार की सूझबूझ ने बचाई 174 जानें, सलमान-शाहरुख समेत कई सितारों ने की पायलेट की तारीफ

नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में सामने आए खतरनाक घटनाक्रम के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने घायल होने के बावजूद जिस तरह धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया, उसकी देश-विदेश में चर्चा हो रही है। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट द्वारा कथित हमले के बाद विमान संकट में आ गया था। कैप्टन मच्छार के घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खुलवाने में सफलता मिलने के बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू करने में मदद की। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया।

सलमान खान ने कहा- पायलट जी, आपको सलाम

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ करते हुए अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें बधाई दी। सलमान ने लिखा कि सभी लोग कैप्टन को सलाम करते हैं और उनके साथ उड़ान भरना उनके लिए खुशी की बात होगी। उन्होंने कैप्टन को ‘वेल डन ब्रो’ भी कहा।

शाहरुख खान ने भी की तारीफ

शाहरुख खान ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की हिम्मत और जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि सबसे मुश्किल समय में मजबूती से खड़े रहना और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालना आसान नहीं होता। शाहरुख ने कैप्टन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

रणवीर सिंह समेत कई सितारों ने किया समर्थन

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करने वाले फिल्मी सितारों में रणवीर सिंह, अनिल कपूर, सनी देओल, सुनील शेट्टी, रवि किशन, आर माधवन और विजय देवरकोंडा समेत कई नाम शामिल हैं। रणवीर सिंह ने कैप्टन की तस्वीर साझा करते हुए उनकी हिम्मत को सलाम किया। अन्य कलाकारों ने भी उनकी सूझबूझ और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की तारीफ की।

अनिल कपूर ने कैप्टन के साहस को असाधारण बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं सनी देओल ने कहा कि कैप्टन ने संकट की घड़ी में साहस और सूझबूझ दिखाकर बड़ा हादसा टालने में अहम भूमिका निभाई।

गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी नहीं छोड़ी हिम्मत

रिपोर्टों के मुताबिक, फ्लाइट के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मच्छार पर हमला किया। इस दौरान विमान अचानक खतरनाक स्थिति में चला गया और कुछ ही समय में हजारों फीट की ऊंचाई खो बैठा। गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया। दो रिजर्व पायलटों ने विमान को संभाला और उसे तबूक में सुरक्षित उतारा गया।

पीएम मोदी ने अस्पताल से की कैप्टन से बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इस दौरान कैप्टन ने घटना के बारे में अपना अनुभव साझा किया। मोदी ने उनकी बहादुरी और संकट के समय लिए गए फैसले की सराहना की।

17 साल का उड़ान अनुभव

कैप्टन स्मित मच्छार को विमान उड़ाने का लंबा अनुभव है। रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने पहले स्पाइसजेट में 11 साल से अधिक समय तक काम किया और हजारों घंटे उड़ान भरी। इसके बाद जून 2022 में उन्होंने फ्लाईदुबई ज्वाइन की। उनके पास बोइंग 737 विमान उड़ाने का भी लंबा अनुभव है।

जांच जारी, हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं

फ्लाइट FZ1073 की घटना को लेकर संबंधित एजेंसियों की जांच जारी है। शुरुआती रिपोर्टों में को-पायलट पर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश और कैप्टन पर हमला करने के आरोप सामने आए हैं। हालांकि, घटना के पीछे की अंतिम वजह और मंशा को लेकर जांच पूरी होने का इंतजार है।

कैप्टन स्मित मच्छार फिलहाल उपचार के दौर से गुजर रहे हैं। उनकी बहादुरी की चर्चा सोशल मीडिया से लेकर फिल्म जगत और राजनीतिक स्तर तक हो रही है।

About NW-Editor

Check Also

सलमान खान ने पैपराजी को दिए पोज, ऐश्वर्या राय ने भी एयरपोर्ट पर कराया ग्रुप फोटो

मुंबई। सलमान खान मंगलवार देर रात मुंबई के एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो के बाहर नजर आए। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *