Breaking News

आगरा में कंटेनर-डंपर की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, दो की जिंदा जलकर मौत

आगरा। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। खंदौली थाना क्षेत्र में कंटेनर और गिट्टी लदे डंपर की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि डंपर में सवार दो हेल्पर बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद दोनों वाहनों में लगी आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद डंपर में फंसे दोनों हेल्परों के शव बुरी तरह झुलसे हालत में मिले।

हादसे में दो हेल्पर की मौत

मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के रहने वाले आकाश (25) और रवि (24) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों डंपर में हेल्पर के रूप में सवार थे। टक्कर के बाद आग लगने पर डंपर चालक राजकुमार और कंटेनर चालक शिवराम किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

आग की चपेट में आने से दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।

बाइक सवार दो युवक भी घायल

हादसे के दौरान डंपर के पीछे चल रहे बाइक सवार सुमित सिंह और सीटू, निवासी नगला जालिम, खंदौली भी घायल हो गए। दोनों किसी तरह बाइक लेकर हाईवे के किनारे पहुंचे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

कंटेनर चालक शिवराम भी हादसे में घायल हुआ है। उसके पैर और सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

सामने से आ रहे कंटेनर से हुई टक्कर

पुलिस के अनुसार, गिट्टी से भरा डंपर धौलपुर से सादाबाद की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से फ्रोजन मटर लेकर आ रहे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर में दोनों वाहनों से धुएं के साथ ऊंची लपटें उठने लगीं।

झपकी आने की वजह से हादसे की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में डंपर चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। घायल बाइक सवार सुमित ने बताया कि वह सीटू के साथ सादाबाद मंडी गया था। लौटते समय उनके आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके बाद हादसा हो गया।

हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।

हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम

हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगने से यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

कंटेनर चालक के अनुसार, वह चंदौसी से गुजरात जा रहा था। उसके मुताबिक अचानक डंपर सामने आ गया। उसने ब्रेक लगाकर वाहन मोड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। आग फैलने से पहले वह कंटेनर से कूदकर बाहर निकल गया।

पुलिस ने हादसे में मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने एक साल की मासूम बेटी को यमुना में फेंका, तलाश में जुटी पुलिस

आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *