फतेहपुर, 27 अगस्त। नगर पालिका परिषद फतेहपुर के सिविल लाइन्स वार्ड संख्या-33 के मुराइन टोला में रहने वाले लोगों को जल्द ही सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। अमृत 2.0 कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में नई पाइप लाइन बिछाने के साथ घरों को निःशुल्क नया जल कनेक्शन और अत्याधुनिक डिजिटल AMR (Automated Meter Reading) वाटर मीटर लगाए जाएंगे।
अधिशासी अभियंता, जल निगम नगरीय ने बताया कि कार्यालय अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), फतेहपुर की ओर से यह कार्य अनुबंधित फर्म मैसर्स सी.के. इंटरप्राइजेज, प्रयागराज के माध्यम से शुरू किया गया है।
योजना के अंतर्गत क्षेत्र के सभी घरों को निःशुल्क नया कनेक्शन उपलब्ध कराते हुए डिजिटल एएमआर वाटर मीटर लगाए जाएंगे। विभाग के अनुसार एएमआर मीटर लगने से पानी की बर्बादी रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के सभी घरों तक पर्याप्त प्रेशर के साथ सप्ताह के प्रत्येक दिन 24 घंटे शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।
जल निगम ने क्षेत्रवासियों से निःशुल्क घरेलू कनेक्शन एवं उसका विभागीय रिकॉर्ड तैयार करने के लिए पहुंच रही अधिकृत टीम का सहयोग करने की अपील की है। उपभोक्ताओं एवं मकान मालिकों से पहचान के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति अधिकृत टीम को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सहायता के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
रजत सिंह, फर्म प्रतिनिधि: 9044609552
इं. राकेश कुमार, जूनियर इंजीनियर: 9411630927
इं. अरबिन्द कुमार, जूनियर इंजीनियर: 8840594336
इं. सुरेन्द्र कुमार, सहायक अभियन्ता: 9473942025
इं. अनिल कुमार, सहायक अभियन्ता: 8920280100

News Wani