Breaking News

सरस्वती विद्या मंदिर में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित, एएसपी वंदना सिंह ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश और ओटीपी फ्रॉड से बचने की दी जानकारी

महोबा। जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महोबा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं और विद्यालय के कर्मचारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के तरीके बताए गए।

कार्यशाला की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वंदना सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन के माध्यम से भी डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों पर जानकारी साझा की गई।

डिजिटल अरेस्ट और ओटीपी फ्रॉड से रहें सावधान

एएसपी वंदना सिंह ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन नौकरी के नाम पर ठगी, संदिग्ध लिंक और ओटीपी व यूपीआई फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी निजी जानकारी और बैंक खाते से पैसे निकालने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें।

पुलिस ने यह भी बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

छात्राओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्यशाला में छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। एएसपी वंदना सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में छात्राएं संकोच न करें और पुलिस की सहायता लें।

उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने की अपील की।

महोबा पुलिस की ओर से बताया गया कि जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों से बचाना, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है।

About NW-Editor

Check Also

एआरटीओ पर अवैध वसूली व जबरन वाहन सीज करने का आरोप, डीएम से की शिकायत

महोबा। जिले में परिवहन विभाग के एआरटीओ दयाशंकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए वाहन स्वामियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *