फतेहपुर के तेलियानी ब्लॉक स्थित कोराई मोड़ पर सड़क किनारे जमीन पर रखा एक ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह ट्रांसफार्मर बिना फेंसिंग के खुले में है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस ट्रांसफार्मर के पास से रोजाना बच्चे खेलते हुए गुजरते हैं। इसके अलावा, घरों की भैंसें भी अक्सर वहीं बंधी रहती हैं। अब्दुल रहमान और देशराज के घरों के ठीक सामने स्थित इस ट्रांसफार्मर से पहले भी कई बकरियों और अन्य जानवर भी झुलस चुके है।
पास के ही बुजुर्गों ने बताया कि “यह ट्रांसफार्मर सालों से इसी हालत में है। बच्चे यहां खेलते हैं और हर वक्त किसी अनहोनी का डर बना रहता है।”
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग से कई बार शिकायत की है। उनकी मांग थी कि ट्रांसफार्मर को ऊंचाई पर स्थापित किया जाए या कम से कम उसके चारों ओर फेंसिंग लगाई जाए, लेकिन अब तक विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।इस संबंध में, बिजली विभाग के जेई ने बताया कि उन्हें अभी तक इस ट्रांसफार्मर को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके और जान-माल का नुकसान न हो।
News Wani
