गाजीपुर, 17 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)- मा0 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं के पंजीकरण के लिए जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।जनपद में मतदाता सूची को अपडेट करने और पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों को मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने शनिवार को लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में आयोजित मतदाता पंजीकरण कैंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 231 से 237 तक कुल सात बूथों तथा राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 254 से 259 तक छह बूथों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त फॉर्मों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
हेल्प डेस्क के माध्यम से मिल रही सहायता
विशेष अभियान के तहत मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इनके माध्यम से नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवेदन पत्रों और जरूरी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्र नागरिक आसानी से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।
फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के संबंध में दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, मतदाता सूची में संशोधन और अन्य निर्धारित बदलावों के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने फॉर्म-7 के वितरण को लेकर भी निर्देश दिए कि किसी एक मतदाता को अधिकतम 10 फॉर्म ही उपलब्ध कराए जाएं।
युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और संबंधित अधिकारियों ने भी मतदाता पंजीकरण कैंपों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
News Wani
