Breaking News

लखनऊ के शहीद पथ पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग, 30 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

लखनऊ। शहीद पथ पर शनिवार-रविवार की रात गोरखपुर से सूरत जा रही एक डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। हादसा सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मेदांता हॉस्पिटल के सामने हुआ। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, बस शहीद पथ पर मेदांता हॉस्पिटल के सामने पहुंची थी। इसी दौरान बस के पिछले हिस्से से कुछ टूटने की आवाज आई। इसके कुछ ही क्षण बाद पिछले हिस्से में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

चालक ने तुरंत बस रोककर यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सभी 30 यात्री बस से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

तीन दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डबल डेकर बस पूरी तरह जल चुकी थी।

एफएसओ पीजीआई मामा चंद गुर्जर के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चालक ने बताया कैसे हुआ हादसा

बस चालक राहुल पटेल के मुताबिक, वह शनिवार शाम करीब 5 बजे गोरखपुर से सूरत के लिए बस लेकर निकले थे। शहीद पथ पर मेदांता हॉस्पिटल के पास पहुंचते ही बस के पिछले हिस्से से अचानक कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद आग लग गई।

राहुल पटेल के साथ राजस्थान निवासी रणबीर भी चालक के रूप में बस में मौजूद थे। आग लगते ही दोनों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

आग के कारण शहीद पथ पर लगा जाम

बस में आग लगने के बाद शहीद पथ पर यातायात भी प्रभावित हुआ। चिनहट की ओर से कानपुर रोड की तरफ जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजा। आग बुझाने और जली हुई बस को क्रेन की मदद से हटाए जाने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

समय रहते यात्रियों को उतारने से टला बड़ा हादसा

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी बस जलकर राख हो गई। हालांकि, चालक ने समय रहते बस रोककर सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी, 6 मिनट में लाखों का सामान समेट ले गए नकाबपोश चोर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ज्वेलरी शॉप में चोरी का मामला सामने आया है। टोपी और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *