– पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कमालगंज (फर्रुखाबाद) नगर के मोहल्ला शास्त्री नगर द्वितीय में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में छत पर खटिया के सहारे दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शास्त्री नगर द्वितीय निवासी रियाजवीं (60) पत्नी स्वर्गीय कल्लू अपने घर में अकेली रहती थीं। उनका बेटा महबूब जयपुर में रहकर कारचोब का काम करता है, जबकि बहू रेशमा मायके गई हुई थी। शनिवार सुबह लगभग 8 बजे मोहल्ले के लोगों ने रियाजवीं को चाय पीते हुए देखा था, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उन्हें छत पर खटिया से दुपट्टे के सहारे लटका पाया गया।
मोहल्ले वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर सीओ अमृतपुर अजय वर्मा, थाना प्रभारी राजीव कुमार और वरिष्ठ उपनिरीक्षक गीतम सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जांच कर महिला के शव को नीचे उतरवाया गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल महिला के आत्महत्या करने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
News Wani
