Breaking News

पूर्व सैनिकों को साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके, अनजान कॉल से रहें सतर्क

फतेहपुर। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच पूर्व सैनिकों को जागरूक करने के लिए पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक में साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। ईएस कोचिंग सेंटर में कैप्टन भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में साइबर क्राइम इंस्पेक्टर विद्या देवी यादव, सब इंस्पेक्टर प्रभांशु शुक्ला और हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय ने पूर्व सैनिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

साइबर क्राइम टीम ने बताया कि किसी होटल, टैक्सी या एजेंसी का मोबाइल नंबर गूगल अथवा यूट्यूब से सीधे सर्च कर संपर्क करने से बचना चाहिए। साइबर ठग कई बार इन प्लेटफॉर्म पर फर्जी नंबर डालकर रखते हैं। इन नंबरों पर संपर्क करने पर लोग ठगी का शिकार हो सकते हैं।

इसी तरह साइबर ठग व्हाट्सऐप ग्रुप में सेंध लगाकर एपीके फाइल भेजते हैं, जो कई बार सामान्य फाइल की तरह दिखाई देती है। इस फाइल के माध्यम से मोबाइल का डेटा चोरी किया जा सकता है। इससे बचने के लिए एम-कवच 2.0 ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी गई।

साइबर टीम ने कहा कि अनजान नंबर से आने वाली कॉल को अधिक देर तक नहीं चलाना चाहिए। ठग बातचीत के दौरान पीड़ित को कॉन्फ्रेंस कॉल में जोड़कर ओटीपी हासिल कर सकते हैं और उसे अपनी बातों में उलझाए रखते हैं। इस दौरान दूसरे व्यक्ति के खाते से रकम निकाली जा सकती है। इसलिए अनजान नंबर से आने वाली कॉल को तुरंत काट देना ही बेहतर है।

साइबर क्राइम टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

बैठक में समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने साइबर क्राइम टीम का आभार जताते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की प्रत्येक बैठक में जिले के किसी न किसी अधिकारी को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिकों को समय-समय पर नई जानकारियां मिलती रहें। इससे वे साइबर अपराध से बचने के साथ-साथ समाज और अपने क्षेत्र की उन्नति की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।

इस अवसर पर बालकृष्ण अवस्थी, जागृति तिवारी, सुनीता यादव, सुमन मौर्य, राजेश शुक्ला, प्रेम सागर शुक्ला, उदयभान सिंह, चिंतामणि द्विवेदी, अशोक कुमार यादव, प्यारे लाल, एपी मिश्र समेत करीब एक सैकड़ा पूर्व सैनिक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

हादसे के बाद सड़क जाम करना पड़ा भारी, 20 ग्रामीणों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा पौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *