Breaking News

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में विशेषज्ञों की होगी नियुक्ति, 15 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

फतेहपुर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए अतिथि व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासनादेश के तहत योग्य, अनुभवी और प्रोफेशनल व्याख्याताओं की सेवाएं अतिथि व्याख्याता के रूप में ली जाएंगी।

विशेषज्ञ चयन समिति की अनुशंसा के बाद परीक्षण व्याख्यान और ट्रायल लेक्चर के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण केंद्रों में सूचीबद्ध किया जाएगा।

योजना के तहत यूपीएससी/यूपीपीएससी की तैयारी के लिए सामान्य विज्ञान/विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा नीतिशास्त्र विषय के अतिथि व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा। वहीं नीट/जेईई के लिए भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान विषय के विशेषज्ञों का चयन होगा। प्रत्येक विषय के लिए दो अतिथि व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा।

सिविल सेवा एवं पीसीएस के लिए विश्वविद्यालय अथवा राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक, संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा अथवा पीसीएस साक्षात्कार में शामिल अभ्यर्थी तथा दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी पात्र होंगे।

नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस, बीएएमएस या बीडीएस डिग्रीधारी आवेदन कर सकते हैं। जेईई के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी, एमटेक अथवा बीटेक डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। ख्याति प्राप्त कोचिंग संस्थान में तीन वर्ष के अध्यापन अनुभव वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी।

अतिथि व्याख्याताओं को प्रत्येक 90 मिनट के व्याख्यान के लिए 2,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। सेवारत सरकारी सेवकों को शासनादेश के अनुसार प्रति सत्र 500 रुपये का भुगतान किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी 3 सितंबर से 15 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर उसे जमा कर सकते हैं। विभाग ने योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में महिला की मौत के बाद निजी अस्पताल सीज, जांच में मिलीं कई गंभीर खामियां

फतेहपुर। 25 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत के बाद विवादों में घिरे शोभावती …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *