अब्दुल रहमान सिराज
लहरपुर/सीतापुर। तहसील परिसर में जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, पीतांबरा शिक्षा समिति एवं केपी सिंह मेमोरियल हॉस्पिटल पारा सराय के संयुक्त तत्वाधान में एक नि:शुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 288 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा विभिन्न प्रकार की जांचें भी कराई गईं। कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया, जिसमें डॉ. एस.ए. मीर (एमडी मेडिसिन), डॉ. सौरभ जैन, डॉ. मधुलिका राय और डॉ. हर्षित जैन सहित नर्सिंग व मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गरीब, निर्धन और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके लोगों के आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों को 5 लाख रुपये तक का उपचार नि:शुल्क और बेहतर सुविधाओं के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर अंशुमान सिंह, ऐश्वर्य प्रताप सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद हसीन अंसारी, शिवपूजन सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

News Wani