शाहजहांपुर: पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का ज़बरदस्त प्रदर्शन कर दुनिया को संदेश दे दिया है कि वह हर आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद की जलालाबाद तहसील के गांव पीरू के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर वायुसेना के अत्याधुनिक राफेल, मिराज-2000, जगुआर, SU-30 MKI, मिग-29, AN-32, C-130J सुपर हरक्यूलिस और MI-17 V5 हेलिकॉप्टर ने लैंडिंग और टेकऑफ कर अपनी ताकत दिखाई।
एक्सप्रेसवे बना युद्धाभ्यास का रनवे: गंगा एक्सप्रेसवे को अब देश के उन रणनीतिक एक्सप्रेसवे में शामिल कर लिया गया है जिनका इस्तेमाल आपातकालीन स्थितियों में रनवे के रूप में किया जा सकता है। यह यूपी का चौथा एक्सप्रेसवे है जहां फाइटर प्लेनों की लैंडिंग संभव है। इससे पहले यमुना, पूर्वांचल और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ऐसे युद्धाभ्यास किए जा चुके हैं। इसी के साथ अरब सागर में भारतीय नौसेना भी बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास कर रही है।
नौसेना की यह गतिविधि पाकिस्तान के लिए एक कड़ा संदेश है कि भारत जमीन ही नहीं, समुद्र और आकाश में भी अडिग है। भारतीय वायुसेना ने अब तक 12 एक्सप्रेसवे ऐसे चिन्हित किए हैं जिन पर आपात स्थिति में फाइटर जेट्स की लैंडिंग कराई जा सकती है। इनमें यमुना, पूर्वांचल, लखनऊ-आगरा, दिल्ली-जयपुर, मुंबई-नागपुर, बेंगलुरु-चेन्नई, हैदराबाद-विजयवाड़ा, कोलकाता-धनबाद, अमृतसर-जालंधर, चंडीगढ़-लुधियाना, अहमदाबाद-वडोदरा और नागपुर-हैदराबाद एक्सप्रेसवे शामिल हैं।
इस्लामाबाद तक हड़कंप
भारत के इस रणनीतिक सैन्य अभ्यास ने पाकिस्तान को सतर्क कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह शक्ति प्रदर्शन भारत की रक्षा नीति का एक स्पष्ट संकेत है कि सीमाओं की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और देश हर खतरे से निपटने को तैयार है।
News Wani
