Breaking News

“गुजरात में हाईवे जलमग्न, गरबा पंडाल जमींदोज; महाराष्ट्र के 3000 गांव डूबे, अब तक 104 की जान गई”

गुजरात में मंगलवार को कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे वलसाड और नवसारी जिलों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। द्वारका में कल्याणपुर को पोरबंदर से जोड़ने वाला स्टेट हाईवे डूब गया। कल्याणपुर के पास एक कार पानी में बह गई। वडोदरा में गरबा पंडाल ढह गए।

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में 3,050 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 1 जून से 29 सितंबर तक बारिश-बाढ़ के कारण 104 लोगों की मौत हो गई है। नांदेड़ में सबसे ज्यादा 28 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा संभाजीनगर, बीड, हिंगोली, जालना, धाराशिव, परभणी और लातूर में लोगों की जान गई।

मराठवाड़ा की 2,701 किलोमीटर सड़कें टूट गईं और 1,504 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 1,064 स्कूल, 352 केंद्र और 58 सरकारी बिल्डिंग खराब हुईं। बारिश और बाढ़ को देखते हुए महाराष्ट्र बोर्ड ने 12वीं क्लास के एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 20 अक्टूबर कर दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे देश से मानसून की विदाई तय समय 15 अक्टूबर तक होने की संभावना है। पिछले साल भी मानसून 15 अक्टूबर को विदा हुआ था। देश में 1 जून से 30 सितंबर तक होने वाली बारिश मानसूनी मानी जाती है। इसके बाद भी छिटपुट बारिश जारी रहती है।

गुजरात में आज से तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने मंगलवार से 5 अक्टूबर तक गुजरात में बारिश की संभावना जताई है। अगले 3 दिनों तक खासकर सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की संभावना है।

सौराष्ट्र के राजकोट, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ और दीव में आज भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जामनगर, अमरेली और कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट है। दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना। मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। आज सुबह शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक, 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

About SaniyaFTP

Check Also

देश के अलग-अलग राज्यों में खतरे की घंटी: कोर्ट, ट्रेन और केरल में देसी बम—सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

गुजरात के अहमदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अहमदाबाद रूरल कोर्ट को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *