बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से बीजेपी कैंडिडेट विजय कुमार सिन्हा की गाड़ी पर गुरुवार को गोबर और चप्पलें फेंकी गई। विजय सिन्हा ने कहा, ‘गाड़ी पर पथराव भी हुआ है। ये हमला RJD के लोगों ने किया है।’ मामला लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 404 और 405 के पास का है। विजय सिन्हा खोरियारी गांव में इंटर कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने कार को घेर लिया।
विजय सिन्हा के मुताबिक, कुछ लोगों ने चप्पलें फेंकी, पथराव किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए। उन्हें गांव में जाने से भी रोक दिया। उन्होंने कहा, ‘ये राजद के गुंडे हैं। सत्ता में आए बिना ही ये गुंडे बिहार के उपमुख्यमंत्री को बाहर जाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां के SP कायर और कमजोर हैं, जो यहां आकर कह रहे हैं कि शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है। अगर किसी भी तरह की कोई घटना होती है तो हम यहीं पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। ऐसे प्रशासन पर धिक्कार है।’
मौके से आई 4 तस्वीरें देखिए….



विजय सिन्हा और RJD MLC के बीच हुई बहस
RJD MLC अजय सिंह और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बीच सड़क भिड़ गए। दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तू-तड़ाक पर उतर आए। विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि अजय सिंह ने दारू पी रखी है और दारू पीकर गुंडई कर रहे हैं। अजय सिन्हा ने भी विजय सिन्हा को गुंडा बताया। इस पर विजय सिन्हा ने कहा, तुम्हारे जैसे गुंडों को मैं ठीक कर दूंगा।’
विजय सिन्हा बोले- ये इन लोगों के संस्कार हैं: डिप्टी CM ने कहा कि, ये गांव वाले अपने संस्कार का परिचय दे रहे हैं, इस सड़क का टेंडर हो गया है, काम शुरू हो गया है। ये तो बहाना है, ये RJD-कांग्रेस की गुंडई का प्रकटीकरण है। इसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि स्थिति क्या है। DM मिथिलेश मिश्रा ने कहा, ‘चुनाव चल रहा है, चुनाव की मर्यादा का ध्यान रखा जाए। किसी भी उम्मीदवार को अपने क्षेत्र में जाने का पूरा अधिकार है। उम्मीदवार अपने क्षेत्र में है। जनता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। प्रशासन अपना काम कर रहा है। जो शिकायत प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी हम यहां मौजूद हैं और शांति व्यवस्था बहाल की जाएगी। जैसी स्थिति होगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’
News Wani
