Breaking News

हिमाचल में बारिश ने तोड़ी ज़िंदगी की रफ्तार: भूस्खलन से 385 सड़कें ठप, 135 मौते, मंडी और कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित

हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन से कई सड़कें ठप हैं। इससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। कई भागों में बारिश का दाैर लगातार जारी है। बुधवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में दो नेशनल हाईवे सहित 385 सड़कें बाधित रहीं। 263 बिजली ट्रांसफार्मर व 220 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। आपदा प्रभावित मंडी जिले में सबसे अधिक 251 सड़कें, 128 बिजली ट्रांसफार्मर व 62 जल आपूर्ति स्कीमें प्रभावित हैं। कुल्लू जिले में 78 सड़कें ठप हैं।

प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 22 जुलाई तक 135 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 224 लोग घायल हुए हैं। 34 लोग अभी भी लापता हैं। इस दाैरान 59 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है।  बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1471 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1037 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1327 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,24,736.71 लाख रुपये पहुंच गया है। वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। उसके बाद तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों के दाैरान मनाली में 57.0, सराहन 37.5, घमरूर 36.2, नगरोटा सूरियां 32.2, अघार 30.6, मुरारी देवी 29.4, गुलेर 27.4, बिलासपुर 27.0, भराड़ी 25.2, काहू 24.2 व बरठीं में 23.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 29 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 23, 26 और 29 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 और 28 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। जबकि 24 और 25 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। 24 व 27 से 29 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की अनुकूल स्थिति तथा यात्रा मार्ग पर बहाली कार्यों के पूर्ण हो जाने के कारण किन्नाैर कैलाश यात्रा बुधवार को फिर से  आरंभ कर दी गई है। भारी बारिश के चलते यात्रा को रोका गया था। आज माैसम खुलने से यात्रा बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा उपायों का पालन करें। कुल्लू के पारला भुंतर में जलभराव होने से फोरलेन तालाब बन गया है। एनएचएआई की ओर से बनाए गए फोरलेन में पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों के साथ वाहन चालकों को भी फोरलेन पर जमा हुए पानी से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

About NW-Editor

Check Also

हिमाचल प्रदेश में बस पलटी,पुलिस की जांच जारी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नालागढ़ के समीप स्वारघाट मार्ग पर मंगलवार सुबह एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *