Breaking News

सैफ अली खान हमला केस में आरोपी ने कबूला जुर्म: कोर्ट से मांगी नरमी, हमले में रीढ़ के पास फंसा था चाकू का टुकड़ा

मुंबई। अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने अदालत में अपना अपराध स्वीकार करने की अर्जी दाखिल की है। आरोपी ने कोर्ट से उसके प्रति नरमी बरतने की अपील भी की है। आरोपी के वकील विपुल दुशिंग ने अर्जी की पुष्टि की है। अदालत ने अभियोजन पक्ष से जवाब मांगा है और मामले की अगली सुनवाई 11 सितंबर को निर्धारित की है।

यह मामला 16 जनवरी 2025 की देर रात का है, जब सैफ अली खान के मुंबई स्थित घर में एक व्यक्ति कथित तौर पर चोरी की नीयत से घुसा था। इसी दौरान सैफ और आरोपी के बीच हाथापाई हुई और आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने मोहम्मद शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। वह तब से न्यायिक हिरासत में है।

आरोपी पर गंभीर धाराओं में आरोप

मामले में इसी महीने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जीपी देशमुख की अदालत ने शरीफुल इस्लाम के खिलाफ आरोप तय किए थे। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत घातक हथियार से हमला, लूटपाट, गंभीर चोट पहुंचाने और घर में जबरन प्रवेश करने के आरोप हैं।

इसके अलावा आरोपी के खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट और पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियमों के तहत भी कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रहा था।

हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे सैफ

हमले के दौरान सैफ अली खान को चाकू के कई वार झेलने पड़े थे। अभिनेता के मुताबिक, चाकू का करीब छह इंच लंबा टुकड़ा उनकी पीठ में फंस गया था, जो रीढ़ की हड्डी के बेहद करीब था। उन्होंने बताया था कि चोट के कारण उनका एक पैर सुन्न पड़ने लगा था और उन्हें पैरालाइज होने का खतरा था।

सैफ ने बताया था कि हमले के बाद घर में अफरा-तफरी और खून का माहौल था। उनका कहना था कि उस वक्त उन्होंने बिना ज्यादा सोचे आरोपी का सामना किया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई और आरोपी ने चाकू से उन पर हमला कर दिया।

बेटे तैमूर ने पूछा था- क्या आप मरने वाले हैं?

हमले के बाद सैफ ने अपने बेटे तैमूर के साथ हुई बातचीत को भी याद किया था। उन्होंने बताया कि अस्पताल जाने से पहले उन्होंने तैमूर से पूछा था कि क्या वह उनके साथ अस्पताल चलेगा। इस पर तैमूर ने मासूमियत से पूछा था कि क्या आप मरने वाले हैं?

सैफ ने उसे भरोसा दिलाया कि वह ठीक हो जाएंगे। इसके बाद तैमूर उनके साथ अस्पताल जाने के लिए तैयार हो गया।

आरोपी को माफ करना चाहते थे सैफ

सैफ अली खान ने यह भी कहा था कि वह हमलावर को माफ करना चाहते हैं। अभिनेता के मुताबिक, उन्हें लगता है कि आरोपी ने बहुत बड़ी गलती की और शायद उसका उद्देश्य झगड़ा करना नहीं था। हालांकि, जिस तरह से उन पर जानलेवा हमला हुआ, उसे भूल पाना उनके लिए आसान नहीं है।

उन्होंने इस घटना को समाज में मौजूद अमीर-गरीब की असमानता से भी जोड़कर देखा था।

About NW-Editor

Check Also

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन ब्रालेट लुक के बाद कंगना रनोट ने उठाए सवाल: आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर बंटी राय

रक्षाबंधन के मौके पर ज्वेलरी ब्रांड के लिए बनाया गया अभिनेत्री कृति सेनन का एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *