दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 एशिया कप में पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने 56 रन का आसान लक्ष्य 8.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने चौका और फिर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
पाकिस्तान की पारी को भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा। श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 रन देकर 3 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। प्रेमा रावत ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा को 2 सफलता मिली।
पाकिस्तान का टी-20 इंटरनेशनल में सबसे कम स्कोर
पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में 55 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शवाल जुल्फिकार ने सर्वाधिक 14 रन बनाए। मुनीबा अली ने 13 रन की पारी खेली, जबकि 8 पाकिस्तानी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं।
शेफाली वर्मा ने मुनीबा अली को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद श्री चरणी और प्रेमा रावत की स्पिन के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे। दीप्ति शर्मा ने फातिमा सना को LBW आउट करने के साथ ही टी-20 इंटरनेशनल में भारत की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने की उपलब्धि हासिल की।
भारत ने 8.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को भी शुरुआती झटके लगे। फातिमा सना ने शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल को आउट किया। इसके बाद स्मृति मंधाना भी 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने जल्द ही मैच पर पकड़ बना ली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नशरा संधू की गेंद पर पहले चौका और अगली गेंद पर शानदार छक्का जड़कर भारत को जीत दिला दी।
टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने टी-20 एशिया कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत इससे पहले हॉन्गकॉन्ग और थाईलैंड को भी हरा चुका है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम का अभियान मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।
टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 14 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीत मिली हैं।
हरमनप्रीत की कप्तानी में खास उपलब्धि
हरमनप्रीत कौर ने इस मुकाबले में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह 150 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं।
टॉस के दौरान भारतीय कप्तान ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। दोनों टीमों के बीच मुकाबले से पहले यह बात भी चर्चा में रही।
News Wani
