Breaking News

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो विमान, नोज क्षतिग्रस्त; 200 यात्री और क्रू सुरक्षित

श्रीनगर। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान के आगे का हिस्सा यानी नोज क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, विमान में सवार करीब 200 यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) शुक्रवार सुबह नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची थी। करीब 9 बजे विमान को बे नंबर-6 पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान VDGS के पोल से टकरा गया।

हादसे के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित विमान से उतारा गया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

विमान का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

पोल से टकराने के कारण विमान की नोज करीब एक फुट तक अंदर की ओर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। टक्कर के बाद विमान के रेडोम, वेदर रडार और नोज के आसपास लगे सेंसरों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

ऐसी स्थिति में विमान को दोबारा उड़ान भरने से पहले तकनीकी टीम द्वारा उसकी विस्तृत जांच की जाती है, ताकि विमान की सुरक्षा से जुड़े सभी सिस्टम सही स्थिति में होने की पुष्टि की जा सके।

क्या है VDGS?

विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) एयरपोर्ट के पार्किंग बे में लगा एक सिस्टम है, जो विमान को सही सेंटरलाइन पर लाने और निर्धारित स्थान पर सुरक्षित तरीके से रोकने में पायलट की मदद करता है। डिस्प्ले और संकेतों के जरिए पायलट को विमान की दिशा, स्थिति और रुकने की दूरी की जानकारी मिलती है।

हादसे की क्या हो सकती है वजह?

पार्किंग के दौरान विमान के पोल से टकराने के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं। इनमें विमान का सेंटरलाइन से हटना, VDGS के संकेतों को सही तरीके से फॉलो न कर पाना, दृश्यता की समस्या, सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी या विमान की गति और ब्रेकिंग से जुड़ी समस्या शामिल हो सकती है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया गया है और अन्य उड़ानों पर किसी बड़े प्रभाव की जानकारी नहीं है।

About NW-Editor

Check Also

जम्मू-लद्दाख में प्रकृति का कहर, फ्लैश फ्लड से कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

जम्मू/लद्दाख। जम्मू से लेकर लद्दाख तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद अचानक आई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *