Breaking News

CJP कार्यकर्ता के पिता से मारपीट मामले में पुलिस का बड़ा आश्वासन, 72 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी का दावा

नई दिल्ली। CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय कुमार से मारपीट के मामले में शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन किया गया। CJP नेताओं और दिल्ली पुलिस के बीच करीब तीन घंटे तक चली बैठक के बाद पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज की 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

CJP की ओर से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। संगठन के प्रतिनिधियों के मुताबिक, पुलिस ने मामले में SC/ST एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ने पर सहमति जताई है। इसके अलावा हत्या के प्रयास और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं जोड़ने की मांग भी पुलिस के सामने रखी गई।

मामला 23 जून का है, जब जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान नीशू आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई थी। संजय की शिकायत के आधार पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज किया गया था।

CJP का आरोप है कि घटना के बाद पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए एक पॉडकास्ट वीडियो को लेकर भी संगठन ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। CJP नेताओं का दावा है कि वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज संजय के सिर पर हमला करने की बात स्वीकार करते नजर आ रहे हैं।

वहीं, स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने बयान में दावा किया है कि उन्होंने हमला नहीं किया, बल्कि आत्मरक्षा में कदम उठाया था। उनका कहना है कि प्रदर्शन के दौरान 10-15 लोगों ने उन्हें घेर लिया था और अपनी सुरक्षा के लिए उन्होंने कार्रवाई की।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 जून को हुई हाथापाई में संजय कुमार के सिर पर कड़े से चोट लगी थी। उन्हें RML अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में चोट को साधारण बताया गया। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले में स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी और उन्हें नोटिस दिया गया था।

पुलिस ने अब मामले में आगे कानूनी कार्रवाई और जल्द चार्जशीट दाखिल करने की बात कही है। पुलिस के आश्वासन के बाद CJP ने फिलहाल थाने के बाहर चल रहा अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

मामले में शुक्रवार को CJP प्रतिनिधियों के साथ नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ अगले 72 घंटे में गिरफ्तारी की कार्रवाई का भरोसा दिया है। साथ ही हत्या के प्रयास से संबंधित धारा और SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ने पर भी सहमति बनी है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पीड़ित परिवार को लगातार डर और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय के खिलाफ फिर से प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक के बाद CJP कार्यकर्ताओं ने फिलहाल अपना धरना समाप्त कर दिया। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि यदि पुलिस अपने आश्वासन के मुताबिक कार्रवाई नहीं करती है तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में समर्थक पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर जुटे थे और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

वायरल वीडियो को लेकर बढ़ा विवाद

मामले में विवाद उस समय और बढ़ गया, जब सोशल मीडिया पर स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सामने आया। वीडियो में वह संजय कुमार के सिर पर चोट पहुंचाने की बात करते नजर आए। हालांकि, बाद में भारद्वाज ने वायरल क्लिप को फर्जी बताते हुए कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है और उनके बयान को व्यंग्य के तौर पर समझा जाना चाहिए।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने सिर की हड्डी टूटने या खोपड़ी फटने के दावे को खारिज किया है। पुलिस के मुताबिक, संजय कुमार को कड़े से सिर पर चोट लगी थी और RML अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान चोट को साधारण बताया गया था। पुलिस ने कहा है कि मामले में जांच पूरी कर जल्द सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला अब सिर्फ मारपीट की शिकायत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आरोपी की गिरफ्तारी, SC/ST एक्ट की धाराओं और हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग को लेकर भी चर्चा में है। अब सभी की नजर पुलिस की ओर से दिए गए 72 घंटे के आश्वासन पर है।

About NW-Editor

Check Also

नीदरलैंड्स ने अमेरिका-कनाडा से 86 टन सोना हटाकर लंदन पहुंचाया, संकट के वक्त तुरंत होगा इस्तेमाल

नई दिल्ली। दुनिया में बढ़ते राजनीतिक और आर्थिक तनाव के बीच नीदरलैंड्स ने अपने सोने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *