साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और ‘मक्कल नीधि मय्यम’ के संस्थापक कमल हासन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक खुला पत्र लिखकर बेहद बुरी तरह फटकार लगाई है। कमल हासन का यह तीखा बयान उस समय आया है जब अमेरिका ने भारतीय रिफाइनरियों को रूस से तेल खरीदने के लिए केवल 30 दिनों की ‘अस्थायी’ मोहलत देने का फरमान सुनाया है।
कमल हासन ने डोनाल्ड ट्रंप को लिखा ओपन लेटर
शनिवार शाम को कमल हासन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सीधे राष्ट्रपति ट्रंप को संबोधित करते हुए लिखा, “प्रिय राष्ट्रपति महोदय, हम, भारत के नागरिक, एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के निवासी हैं। हम अब दूर-दराज के देशों से आदेश नहीं लेते। कृपया अपने काम से काम रखें। संप्रभु राष्ट्रों के बीच आपसी सम्मान ही स्थायी वैश्विक शांति का एकमात्र आधार है। हम आपके देश और उसकी जनता के लिए शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। कमल हासन- एक गौरवान्वित भारतीय नागरिक संस्थापक, मक्कल नीधि मय्यम।’
30 दिन की छूट और अमेरिकी दबाव
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने घोषणा की कि भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए सिर्फ 30 दिन की छूट दी जा रही है। अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करे और अमेरिकी तेल की खरीद बढ़ाए। हालांकि, भारतीय अधिकारियों ने अभी तक इस दबाव को स्वीकार नहीं किया है। रूस का भी मानना है कि भारत के साथ उसका तेल व्यापार अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता बनाए रखने के लिए जरूरी है।
बना तेल का संकट
अमेरिका का यह हस्तक्षेप ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) भीषण युद्ध की चपेट में है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में संघर्ष बढ़ गया है।
ईरान के जवाबी हमलों और सुरक्षा खतरों के कारण दुनिया की एक-तिहाई तेल आपूर्ति का रास्ता ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ लगभग बंद हो गया है। तेल और गैस के क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें आसमान छू रही हैं। इसी संकट के बीच अमेरिका भारत जैसे बड़े देशों पर दबाव बना रहा है कि वे रूस के बजाय उससे तेल खरीदें, जिसका कमल हासन ने कड़ा विरोध किया है।
News Wani
