छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित ‘किसान, जवान और संविधान’ जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी दो टांगों से चल रहे हैं। मोदी की एक टांग आंध्र की टीडीपी है और दूसरी बिहार के नीतीश कुमार। इनमें से कोई भी हिली तो मोदी जी गिर जाएंगे। खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार भय और झूठ फैलाकर देश पर राज कर रही है। ये लोग हर जगह मिलकर गरीबों को लूटने और डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है, मर-मिटने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं, उन्हें भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। 67 नई शराब की दुकानें खोल दीं और नकली शराब बेचने का धंधा शुरू कर दिया। ये लोग सिर्फ कारोबार के नाम पर समाज को खोखला कर रहे हैं।
मोदी और शाह उसमें शामिल नहीं हुए: खड़गे ने कहा कि पहलगाम जैसी गंभीर घटना के बाद ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई गई, लेकिन मोदी और शाह उसमें शामिल नहीं हुए। वो दोनों बार नदारद रहे। आप पचास देशों की यात्रा कर सकते हैं, लेकिन मणिपुर नहीं जा सकते। राहुल गांधी दो बार वहां जाकर पीड़ितों से मिले। आपके पास तो बड़े-बड़े विमान हैं, फिर भी आप क्यों नहीं गए?। उन्होंने कहा कि जब भी हम सच्चाई बोलते हैं, तो देश में कुछ लोगों को मिर्ची लगती है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 16 बार दावा किया कि उन्होंने युद्धविराम कराया, लेकिन मोदी ने एक बार भी उन्हें झूठा नहीं कहा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया: उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने के लिए कर रही है। जल, जंगल और जमीन को अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। खड़गे ने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण आदिवासी समाज का जीवन संकट में आ गया है। पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे ऑक्सीजन कम हो रही है और पर्यावरण नष्ट हो रहा है।
साय सिर्फ मोदी और शाह के इशारों पर उठते-बैठते हैं: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर खड़गे ने कहा कि साय सिर्फ मोदी और शाह के इशारों पर उठते-बैठते हैं, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया है। यह सिर्फ साय का नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ का अपमान है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री 15 लाख देने का वादा कर विदेश दौरे करते रहे, लेकिन एक बोरी डीएपी तक किसानों को नहीं दिला पाए। ये चाहते हैं कि किसान खेती ही न करें। बघेल ने आगे कहा कि बस्तर में 35-40 हजार युवा नक्सली इल्जाम के डर से गांव छोड़ने को मजबूर हैं। केंद्र सरकार युवाओं और किसानों को हाशिये पर धकेल रही है।
2028 में फिर से वैसी ही लड़ाई लड़नी है जैसी 2018 में लड़ी थी: सभा में मौजूद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि आज की सरकार दो बैसाखियों पर टिकी है। 2028 में फिर से वैसी ही लड़ाई लड़नी है जैसी 2018 में लड़ी थी। मैं आज की बारिश में भी यहां आए कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। यही कांग्रेस की असली ताकत है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा: कि हम इस सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। गोली खानी पड़े तो भी कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे। सरकार बस्तर की जमीन उद्योगपतियों को बेच रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्रस्त।