खागा, फतेहपुर। वामपंथी दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के घरों में रात 11 से 12 बजे पुलिस प्रशासन के लोगों द्वारा पहुंचकर उन्हें सोते हुए जगाने और उनके निजी दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, बैंक पासबुक, फोटो, मोबाइल नंबर आदि मांगने के विरोध में वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रांतीय आह्वान पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अश्वनी पांडेय को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि संविधान में हासिल नागरिक अधिकारों का पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे कथित हनन को रोका जाए। अनधिकृत रूप से बिना किसी नोटिस एवं सूचना के कार्यकर्ताओं के निजी दस्तावेज मांगने पर रोक लगाई जाए। प्रदेश को निगरानी राज्य बनाने से रोका जाए तथा समाज में पुलिस द्वारा शासन के इशारे पर फैलाई जा रही दहशत को समाप्त किया जाए।
वामपंथी दलों ने यह भी मांग की कि अनधिकृत रूप से रात के समय कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी की कार्रवाई बंद की जाए और प्रदेश में कानून का राज कायम किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कामरेड रामप्रकाश, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव कामरेड जगदीप भार्गव, सचिव रामकृष्ण हेगड़े, पूरन लाल, सुमन सिंह चौहान, मोतीलाल एडवोकेट, फूलचंद पाल, अतुल कुमार, सूर्य प्रकाश, कुलश्रेष्ठ, मोतीलाल प्रजापति आदि शामिल रहे।
News Wani
