Breaking News

जल जीवन मिशन की खुदाई से सुल्तानपुर घोष की सड़कें बदहाल, ग्रामीणों का आवागमन हुआ मुश्किल

खागा, फतेहपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना के तहत गांव-गांव पानी पहुंचाने का दावा भले ही जोर-शोर से किया जा रहा हो, लेकिन धरातल पर जिम्मेदारों की लापरवाही ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनती नजर आ रही है। खागा विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान सपा विधायक के गांव सुल्तानपुर घोष में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब एक वर्ष पहले खोदी गई सीसी सड़कें आज भी बदहाल पड़ी हैं। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बावजूद सड़कों की मरम्मत न होने से ग्रामीणों का राह चलना मुश्किल हो गया है।

बताते चलें कि खागा तहसील क्षेत्र के ऐरायां विकासखंड अंतर्गत सुल्तानपुर घोष गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी से घरों तक पाइपलाइन पहुंचाने के लिए गांव की बनी-बनाई सीसी सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक पाइपलाइन बिछाने का काम काफी पहले पूरा हो चुका है, लेकिन खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत कराने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी संस्था या ठेकेदार ने नहीं उठाई।

नतीजा यह है कि करीब एक साल से गांव की सड़कें गड्ढों और उखड़ी हुई मिट्टी के बीच तब्दील हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और छात्र-छात्राएं स्कूल व कॉलेज जाने के लिए इन्हीं रास्तों से गुजरते हैं। बारिश के बाद खुदाई वाले स्थानों पर पानी और कीचड़ भर जाने से रास्ता और अधिक खतरनाक हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की टंकी का निर्माण भी करीब एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक घरों तक नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच सका है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने एक तरफ टूटी सड़क की परेशानी और दूसरी तरफ पानी की समस्या बनी हुई है।

मामले को लेकर संबंधित विभाग के एई सहित अन्य उच्च अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी संबंधित अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए और जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ बाईपास पर दर्दनाक हादसा, सड़क पार करते समय वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास एनएच-2 पर ट्रक खड़ा कर सड़क पार कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *