Breaking News

40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ, 5वीं कोशिश में लगा ट्रैंकुलाइजर डार्ट

कोटा। राजस्थान के कोटा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ छत्र विलास पार्क में घुसकर करीब 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ गया। पार्क में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई।

तेंदुए को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए वन विभाग की टीम ने उसे ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास किया। शुरुआती चार कोशिशें पेड़ की घनी शाखाओं और पत्तियों के कारण सफल नहीं हो सकीं। इसके बाद टीम ने क्रेन की मदद से ऊंचाई तक पहुंचकर पांचवीं बार निशाना लगाया।

पेट में लगा डार्ट, 20 मिनट बाद बेहोश हुआ तेंदुआ

पांचवीं कोशिश में ट्रैंकुलाइजर डार्ट तेंदुए के पेट में लगा। डार्ट लगने के करीब 20 मिनट बाद तेंदुआ बेहोश हो गया और नीचे लगाए गए सुरक्षा जाल में गिर गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से जाल से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।

अधिकारियों के अनुसार, आखिरी दो प्रयास क्रेन पर चढ़कर किए गए थे। क्रेन को पेड़ की ऊंचाई के मुताबिक करीब 40 फीट तक ऊपर किया गया था। निशाना लगाते समय टीम और तेंदुए के बीच की दूरी लगभग 10 फीट थी।

पार्क में सुबह बड़ी संख्या में पहुंचते हैं लोग

छत्र विलास पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक, योग और एक्सरसाइज के लिए पहुंचते हैं। तेंदुए के पार्क में घुसने की सूचना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को पार्क में प्रवेश नहीं करने की अपील की। आसपास भी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

रेस्क्यू शुरू करने से पहले टीम ने पेड़ के आसपास सुरक्षा जाल और पिंजरा लगाया, ताकि तेंदुआ बेहोश होने के बाद सुरक्षित तरीके से नीचे आ सके।

25 सदस्यीय टीम ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन

तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की करीब 25 सदस्यीय टीम मौके पर मौजूद रही। टीम में दो पशु चिकित्सकों के साथ सीसीएफ और दो एसीएफ समेत अन्य वनकर्मी शामिल थे। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब साढ़े तीन घंटे तक चला।

डीएफओ प्रमोद धाकड़ के मुताबिक, तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद वन विभाग द्वारा उसे उपयुक्त जंगल क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अधिकारियों को आशंका है कि यह वही तेंदुआ हो सकता है, जिसे कुछ दिन पहले माल रोड स्थित आर्मी क्षेत्र और स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के आसपास देखा गया था। वन विभाग ने इससे पहले उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया था, लेकिन वह उसमें नहीं फंसा था।

About NW-Editor

Check Also

बच्चों से भरी बस और स्कॉर्पियो की हुई भीसड़ टक्कर, सड़क पर मची चीख-पुकार; 9 घायल बच्चो को जयपुर किया गया रेफर

जयपुर। जोबनेर-महलां मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली बच्चों से भरी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *