नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर के लिए एक संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का निर्णय लिया है. नए प्लान के मुताबिक, पहले चरण (Phase-1) में अब सभी 11 स्टेशनों के बजाय केवल 4 स्टेशन ही बनाए जाएंगे. संशोधित योजना के तहत, एक्वा लाइन (Noida Metro Aqua Line) के इस नए विस्तार में पहले फेज में नोएडा सेक्टर 61 (यहां ब्लू लाइन के साथ इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी), सेक्टर-70, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 (गौर चौक) को जोड़ा जाएगा.
शुरुआती योजना में नोएडा के सेक्टर-61 से नॉलेज पार्क-V तक 18 किमी लंबा ट्रैक प्रस्तावित था. हालांकि, गाजियाबाद-जेवर रैपिड रेल (RRTS) कॉरिडोर के प्रस्ताव के कारण केंद्र सरकार ने पुराने प्लान पर रोक लगा दी थी. 72 किमी लंबे रैपिड रेल कॉरिडोर और मेट्रो रूट के बीच डुप्लीकेशन (एक ही रूट पर दो प्रोजेक्ट) को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है. प्रदीप यादव ने बताया- गौर चौक से आगे का हिस्सा NMRC बनाएगी या RRTS, इस पर फैसला काम मंजूर होने के बाद लिया जाएगा. फिलहाल, फोकस सेक्टर 61 से गौर चौक तक कनेक्टिविटी देने पर है.
News Wani
