मुंगेर में गुरुवार देर रात एक मामा ने अपनी नाबालिग भांजी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। यह घटना मुंगेर के असरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। आरोपी मामा की उम्र 34 साल है, जबकि पीड़िता उसकी 17 साल की नाबालिग भांजी है। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नाबालिग भांजी अपने गांव के एक प्रेमी के साथ भाग गई थी। दिल्ली में रह रहे उसके माता-पिता को जब इसकी सूचना मिली, तो उन्होंने अपने भाई (आरोपी मामा) को फोन कर बेटी को ढूंढने के लिए कहा। मामा ने भांजी को ढूंढकर अपने घर ले आया था। देर रात पीड़िता का प्रेमी भी मामा के घर पहुंच गया। इसके बाद मामा ने अपनी भांजी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय आरोपी की पत्नी घर में मौजूद नहीं थी।
पीड़िता ने किसी तरह मोबाइल के माध्यम से असरगंज थाने को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार राय, अपर थानाध्यक्ष मो. हसीब, PSI नेहा कुमारी और राहुल कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर FIR दर्ज कर ली है, जिसमें उसने अपने मामा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। FSL की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान दर्ज करने के लिए मुंगेर भेज दिया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी चंद्रशेखर कुमार को भी मुंगेर जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में तारापुर DSP सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि…..
असरगंज थाना क्षेत्र में एक 17 साल की नाबालिग के साथ उसके नजदीकी रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया है। घटना को लेकर FIR दर्ज कर ली गई है। पीड़िता को मेडिकल जांच एवं कोर्ट में बयान के लिए भेजा गया है। कांड के एकमात्र आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।