Breaking News

सीमापुरी में भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 8 से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं।

हादसे में अब तक दो बच्चों समेत करीब पांच लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया है।

दोपहर करीब 3:10 बजे हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत गिरने की घटना दोपहर करीब 3:10 बजे हुई। यह इमारत सीमापुरी की मछली मंडी के पास ईदगाह मस्जिद के नजदीक स्थित थी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पहली मंजिल पर एक परिवार के चार से पांच सदस्य मौजूद थे।

इमारत गिरने के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में रेस्क्यू टीमों की मदद शुरू कर दी।

ग्राउंड फ्लोर पर थीं दुकानें

जानकारी के अनुसार, इमारत गली के अंदर की ओर स्थित थी। इसके ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं, जबकि ऊपर चार मंजिलों पर अलग-अलग परिवार रहते थे। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग मालिक और उसका परिवार भी इसी इमारत में रहता था और उनके भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है।

दोपहर करीब 3:15 बजे फायर कंट्रोल रूम को इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना के मुताबिक, अब तक करीब पांच से छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान लगातार जारी है। शुरुआती जानकारी में दो से तीन लोगों के अभी भी इमारत के अंदर फंसे होने की बात सामने आई है और उनके रेस्क्यू टीमों के संपर्क में होने की जानकारी दी गई है।

प्रशासन और बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

दिल्ली में तीन साल में इमारत गिरने के 1133 मामले

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में इमारत गिरने की 1133 घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में 98 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई है। सीमापुरी की घटना के बाद एक बार फिर दिल्ली में जर्जर और कमजोर इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

About NW-Editor

Check Also

राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों पर FIR, आकाशवाणी परिसर में प्रदर्शन का मामला; खड़गे ने बुलाई अहम बैठक

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *