महोबा। जिले के कुलपहाड़ कस्बे के गोविंदनगर मोहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर के अंदर विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत चार लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोविंदनगर निवासी राहुल यादव पुत्र राजेंद्र यादव का विवाह करीब डेढ़ साल पहले मध्य प्रदेश के पलेरा गांव निवासी राजू यादव की पुत्री दीपाली यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। रविवार शाम दीपाली का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने उसे जीवित समझकर नीचे उतारा और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पति समेत चार लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप
घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार विकास गोयल और कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता राजू यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही राहुल दहेज की मांग करता था। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट और उत्पीड़न किया जाता था। पिता ने पति राहुल समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
News Wani
