Breaking News

यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस का शिकंजा, दो दिन में 1542 चालान शराब पीकर वाहन चलाने पर 12, प्रेशर हॉर्न व हूटर लगाने पर 55 चालान, टोल प्लाजा पर चला विशेष चेकिंग अभियान

न्यूज़ वाणी ब्यूरो शाहजहांपुर | रुखसार खान

शाहजहांपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शाहजहांपुर पुलिस ने दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 17 और 18 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 1542 चालान किए गए। पुलिस की कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने के 12 मामले सामने आए। वहीं, मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल पर तीन और प्रेशर हॉर्न व हूटर लगाने पर 55 चालान किए गए।

टोल प्लाजा और प्रमुख मार्गों पर हुई वाहनों की जांच

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया गया। यातायात निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रात 8 बजे से 11 बजे तक मदनापुर, सिंधौली, खुटार और पुवायां थाना क्षेत्रों के टोल प्लाजा सहित प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस और संबंधित थानों की संयुक्त टीमों ने वाहन चालकों के दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन पर नजर रखी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए विशेष जांच की गई। इसके साथ ही वाहनों में नियमों के विरुद्ध लगाए गए प्रेशर हॉर्न, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर

पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान में यात्रियों से किया संवाद

विशेष चेकिंग अभियान के साथ टोल प्लाजा पर ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी यात्रा का हालचाल जाना। पुलिस ने यात्रियों से सफर के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी लेते हुए सुरक्षित यात्रा के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की।

हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील

शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने और शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाने की सलाह दी।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना और सड़क पर होने वाली जनहानि को रोकना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

About NW-Editor

Check Also

नाला निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं, मंत्री सुरेश खन्ना ने किया निरीक्षण; अजीजगंज और नवादा क्षेत्र में जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

शाहजहांपुर, 19 अक्टूबर। शहर में जलभराव की समस्या दूर करने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *