शाहजहांपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को शाहजहांपुर कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने, आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने तथा देशवासियों के बीच एकता की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति और आर्थिक समृद्धि के लिए राष्ट्रीय एकता बेहद जरूरी है। जब देश के नागरिक एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं, तभी विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत को एकीकृत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में सरदार वल्लभभाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान भी बंधुता, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने पर जोर देता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में सहयोग दे।
जिलाधिकारी ने आर्थिक विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था के प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक तीनों क्षेत्रों का विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। देश के समग्र और संतुलित विकास के लिए इन सभी क्षेत्रों का मजबूत होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार समेत कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और देश में एकता, अखंडता एवं भाईचारे की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।
News Wani
