शाहजहांपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 69 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन, ब्लाइंड स्टिक और बैसाखी सहित अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उपकरण वितरण से पहले दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी पात्रता निर्धारित की जाती है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को उसकी जरूरत के अनुरूप सहायता मिल सके। मुख्यमंत्री के नेतृत्व और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप के प्रयासों से दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
69 लाभार्थियों को वितरित किए गए उपकरण
कार्यक्रम में कुल 69 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिए गए। इनमें 14 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 26 सामान्य ट्राईसाइकिल, छह व्हीलचेयर, 10 एमआर किट, नौ कान की मशीन, एक वॉकिंग स्टिक और तीन ब्लाइंड स्टिक शामिल हैं।
इस अवसर पर महापौर अर्चना वर्मा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीसी राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सृष्टि अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
News Wani
