फतेहपुर। खेत में काम कर रही 13 वर्षीय किशोरी को आठ दिन पहले जहरीले सांप ने डस लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद की पुत्री राखी देवी (13) बीते 23 अक्टूबर को खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में किशोरी का उपचार चल रहा था, लेकिन करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार शाम उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चाचा संतोष ने दी।
News Wani
