फतेहपुर। पासी जन जागृति संघ की बैठक रविवार को खागा स्थित ओम साईं राम श्रीराम हायर सेकेंडरी स्कूल में मनोज कुमार की अगुवाई में आयोजित की गई। बैठक में पासी समाज की वर्तमान स्थिति, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठन और अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस ने कहा कि समाज में फैली अशिक्षा को दूर करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। जब तक समाज शिक्षित और जागरूक नहीं होगा, तब तक अपने अधिकारों और हक की लड़ाई मजबूती से नहीं लड़ सकता। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों और संविधान की जानकारी होनी चाहिए, तभी अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सकती है।
मन्नू पासी ने समाज के महापुरुषों के संघर्ष और उनके योगदान को याद किया। वहीं, कानपुर से आए जगतपाल ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकता और संगठन में होती है। आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर समाजहित के मुद्दों पर सभी को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस मौके पर मनोज कुमार, मुकेश पत्रकार, एडवोकेट धीरेन्द्र बहादुर, डॉ. हेमेन्द्र बहादुर, राजकरन राजवंशी, इंद्रसेन पासी, राजेश पासी, ऊधम पासी, सुमेर, राजेंद्र कुमार, राजबहादुर, आशीष कुमार, विजय कुमार और तेज प्रकाश सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
News Wani
