फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर के पास मेडिकल कॉलेज के निकट झाड़ियों में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने करीब 26 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई ने शव की पहचान की।
जानकारी के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के पंचमपुर मजरे जगदीशपुर निवासी रामप्रसाद का पुत्र रवि 27 अक्टूबर को खजुहा मेला देखने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। 29 अक्टूबर को पुलिस ने अल्लीपुर के पास मेडिकल कॉलेज के निकट झाड़ियों से उसका शव बरामद किया था।
रविवार सुबह मृतक के भाई हिमांशु ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान अपने भाई रवि के रूप में की। हिमांशु ने बताया कि रवि के साथ गांव का ही महेंद्र पुत्र रामकिशोर भी गया था। दोनों घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए थे। अगले दिन महेंद्र अपने घर लौट आया, लेकिन रवि वापस नहीं पहुंचा।
मृतक के भाई ने महेंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उसी ने रवि की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया और उसके पास मौजूद रुपये व मोबाइल फोन भी गायब कर दिए।
वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
News Wani
