Breaking News

मिशन शक्ति अभियान के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक

फतेहपुर न्यूज़ वाणी। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया तथा उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला पुलिसकर्मियों, मिशन शक्ति टीमों और एंटी रोमियो टीमों ने गांवों एवं कस्बों में पहुंचकर महिलाओं को जागरूक किया। विशेष रूप से विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित और कामकाजी महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

चौपाल के दौरान महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिसकर्मियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा संबंधित सहायता केंद्रों से संपर्क करें। इसके साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को पारिवारिक परामर्श और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के तहत महिलाओं की सुरक्षा एवं पीड़ितों को मिलने वाले कानूनी अधिकारों के बारे में समझाया गया। जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझते हुए किसी भी तरह के अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठा सकें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में ऑपरेशन कन्विक्शन का असर, 2017 के मारपीट मामले में आरोपी दोषी करार

फतेहपुर। अपराधियों को सजा दिलाने और आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *