शाहजहांपुर। न्यूज़ वाणी। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापना कार्यों को बेहतर बनाने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एक अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 10 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान सड़कों की मरम्मत की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की जा रही है।
अभियान की निगरानी के लिए मुख्य अभियंता लखनऊ वी.पी. सोनकर को शाहजहांपुर का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वह 28 अक्टूबर से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का लगातार दौरा कर सड़क पुनर्स्थापना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान पाइपलाइन बिछाने के बाद की गई सड़क मरम्मत, पैच रिपेयर और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी लंबित मरम्मत कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे सड़कों की मजबूती बनी रहे और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
मोबाइल ऐप और टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत
प्रशासन और जल निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है या मरम्मत कार्य की गुणवत्ता खराब है, तो इसकी शिकायत जल सारथी मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर भी शिकायत की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण कराया जाएगा। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षतिग्रस्त सड़कों को पहले की तरह बेहतर स्थिति में बहाल करना, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
News Wani
